शीत के दिन,हो गए,मनुहार के दिन.
हर तरफ बिकने लगे
धूप के अखबार
और मन के पांव
नापें बहुपाशों के
मधुर विस्तार-
विरह के दिन,हो गए,अभिसार के दिन.
नदी के तट से बंधा
कुहरा हुआ पाहुन
बंद ऑंखें बाँचती
भूलें हवा की
देह पर मीठी छुअन-
बन्धनों के दिन,हो गए,स्वीकार के दिन.
तन लिखे श्रृगार,मन
स्नेह की ऋचाएं
अधरों के कम्पित आश्वासन
मौन की भाषा से
भर रहे दिशाएं-
प्रतीक्षा के दिन,हो गए,अधिकार के दिन.
शीत के दिन,हो गए,मनुहार के दिन.
No comments:
Post a Comment