Friday, May 6, 2011

फागुन-मन छला गया दर्द भरे फूल से...

बाँहों तक आकर
लौट गयी पुरवईया,
फागुन-मन छला गया
दर्द भरे फूल से...

प्यास के तटबंध ओढ़े
सपनों का मृग-छौना,
! मेरे सगुन पाखी!
समय का सन्यासी कहीं
मारे टोना-

सुधियों को कोंचती टिटिहरी,
स्वाती का पता पूछे
विषपायी बबूल से...

व्यथा के अभिशाप मिलते
पीढ़ियों के नाम पल-छिन,
! मेरे माटी-आकाश!
चलो सहेजें पीर के
संवाद अनगिन-

नीड़ों से विस्थापित पंछी,
गाँव का पता पूछें
नदिया के कूल से...

चिलचिलाती धूप में
गोदभरी धरती टोहे छाँव,
!मेरे मन के विश्वास!
कभी तो मिलेगी आख़िर
जीवन को ठांव -

व्यथा के मरुस्थलों को,
गुलमोहर के श्रृंगार भी
चुभते हैं शूल से...

No comments:

Post a Comment